*प्रयागराज मे PCS-इंटरव्यू से पहले पिता ने बेटे का कोट ठीक किया फिर बेटे के बाल संवारे,फिर कुछ मीठा खिलाया,फिर बेटे ने पिता के पैर छूकर लिया आशीर्वाद*
*यह दृश्य देख लोगों ने कहा की जिसको भगवान् खुद सजा-संवार रहे हैँ उसकी जीत कैसे नहीं होगी*
*वायरल वीडियो मे दिख रहा ये पल सभी को भावुक कर रहा*
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के गेट पर इन दिनों PCS परीक्षा के इंटरव्यू के लिए अभ्यर्थियों की आवाजाही हो रही है। इसी बीच आयोग के बाहर पिता और बेटे के बीच स्नेह और आशीर्वाद का एक भावुक कर देने वाला दृश्य कैमरे में कैद हो गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में नजर आ रहा है कि एक पिता अपने बेटे को PCS इंटरव्यू के लिए भेजने से पहले उसकी तैयारी को लेकर बेहद भावुक नजर आते हैं। सबसे पहले वह बेटे का कोट ठीक करते हैं। इसके बाद जेब से कंघी निकालकर उसके बाल संवारते हैं। पिता यहीं नहीं रुकते,बल्कि जेब से एक पुड़िया निकालकर बेटे को खिलाते हैं।
पिता के इस स्नेह और अपनापन को देखकर बेटा भी भावुक नजर आता है। इंटरव्यू के लिए अंदर जाने से पहले वह झुककर पिता के पैर छूता है और उनका आशीर्वाद लेता है। इसके बाद पिता की शुभकामनाएं लेकर बेटा आयोग के अंदर इंटरव्यू देने चला जाता है।
पिता-पुत्र के इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो देखने वाले लोग इसे माता-पिता के त्याग, उम्मीद और बच्चों की सफलता के लिए उनकी दुआओं से जोड़कर देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि “जीत कैसे नहीं होगी, जिसे भगवान ने खुद सजाया है।”
यह दृश्य बताता है कि किसी भी बड़ी सफलता के पीछे अभ्यर्थी की मेहनत के साथ परिवार का विश्वास, दुआ और भावनात्मक सहारा भी कितना महत्वपूर्ण होता है। प्रयागराज में PCS इंटरव्यू के लिए पहुंचे इस पिता-पुत्र की तस्वीर और वीडियो इसी भावनात्मक रिश्ते की मिसाल बनकर सोशल मीडिया पर चर्चा में है।