प्रयागराज में BA के छात्र ने फंदे से लटक कर दी जान,सुसाइड नोट में बनाया हंसता हुआ चेहरा:

PRIMECHETNA MEDIA
By -
0

 

प्रयागराज में BA के छात्र ने फंदे से लटक कर दी जान,सुसाइड नोट में बनाया हंसता हुआ चेहरा:

ब्यूरो रिपोर्ट आमिर मिर्ज़ा 



प्रयागराज। शहर के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बीए द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने कमरे में फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना विष्णुपुरी कॉलोनी के लक्ष्मी नगर कुशवाहा बस्ती की है। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है,जिसमें छात्र ने अपने परिवार और चाहने वालों से दुखी न होने की बात लिखी है। नोट के अंत में उसने हंसता हुआ चेहरा भी बनाया है।


कौशांबी के चरवा थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव निवासी 19 वर्षीय अनुराग कुमार प्रयागराज में अपने बड़े भाई सुनील कुमार सरोज के साथ रहता था। अनुराग संदीपन घाट क्षेत्र के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव स्थित शहीद कैप्टन डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था।


अनुराग का बड़ा भाई सुनील कुमार अधिवक्ता है और प्रयागराज कचहरी में प्रैक्टिस करता है। सुनील पांच भाइयों में सबसे बड़ा है। बताया गया कि करीब पांच साल पहले माता-पिता की मौत हो चुकी है।


सुनील ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी मनीषा देवी, छह वर्षीय बेटे और छोटे भाई अनुराग के साथ लक्ष्मी नगर कुशवाहा बस्ती में रहता है। शुक्रवार शाम सुनील अपनी पत्नी और बेटे के साथ लाइब्रेरी चला गया था। उस वक़्त अनुराग घर पर अकेला था। 


कुछ देर बाद जब सुनील परिवार के साथ वापस लौटा तो अनुराग के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा। अनुराग पंखे के सहारे रस्सी के फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर सुनील चीख पड़ा। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए।


सूचना मिलने पर पूरामुफ्ती पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। इसी दौरान अनुराग के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में लिखा था कि परिवार और चाहने वाले लोग दुखी न हों तथा उसके परिवार के लोगों को परेशान न किया जाए। उसने यह भी लिखा कि वह अपनी खुशी से जा रहा है। नोट के नीचे उसने हंसता हुआ चेहरा बनाया था।


पूरामुफ्ती थानाध्यक्ष शांतनु सिंह ने बताया कि मौके से सुसाइड नोट मिला है,जिसमें छात्र ने परिवार और चाहने वालों से दुखी नहीं होने की बात लिखी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default